औली-ज्योतिर्मठ। विश्व प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा स्थल औली में आगामी 12 से 16 फरवरी तक आयोजित होने वाले ‘विंटर कार्निवल’ और ‘नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप’ की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। विंटर गेम संगठन ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि इस राष्ट्रीय आयोजन से औली को वैश्विक पटल पर नई पहचान मिलेगी। फेडरेशन के सचिव राकेश रंजन भिलंगवाल के अनुसार, इस वर्ष प्रतियोगिता में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं और पहली बार खेलों का आयोजन दो अलग-अलग स्थलों पर होगा; जहां टावर नंबर 8 तक स्कीइंग व स्नोबोर्ड इवेंट होंगे, वहीं टावर नंबर 10 पर अल्पाइन स्कीइंग चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। इस महाकुंभ में उत्तराखंड, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और सेना (ITBP, CRPF) सहित कुल 17 राज्यों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं, जिनके बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। फेडरेशन ने इस बार विजेताओं के लिए नकद पुरस्कारों के साथ मेडल व प्रमाण पत्र की घोषणा की है।
उत्तराखंड टीम के कोच विकेश डिमरी ने टीम के कड़े अभ्यास का हवाला देते हुए इस वर्ष सर्वाधिक गोल्ड मेडल जीतने की उम्मीद जताई है। कार्यक्रम का विधिवत आगाज 12 फरवरी को खिलाड़ियों की रिपोर्टिंग के साथ होगा, जबकि 13 फरवरी सुबह 7 बजे से प्रतियोगिताएं शुरू हो जाएंगी। समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। इस दौरान लोक गायक किशन महिपाल, स्थानीय महिला मंगल दलों और स्कूली बच्चों द्वारा भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी, जिससे खेल के साथ-साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति का संगम भी देखने को मिलेगा।

