राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कार्यक्रम

ज्योतिर्मठ: 28 फरवरी 2026. राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ के विज्ञान संकाय में अध्यनरत छात्र-छात्राओं ने विभिन्न क्रिया कलापों में प्रतिभाग किया और जीवन में विज्ञान के महत्व पर प्रकाश डाला। बीएससी द्वितीय एवम् चतुर्थ सेमेस्टर में अध्यनरत छात्र-छात्राओं ने ‘प्लास्टिक वेस्ट टू यूटिलाइजेशन एट होम’ यानी प्लास्टिक के अपशिष्ट का घरेलू उपयोग विषय की थीम पर प्लास्टिक वेस्ट से घरों में किस प्रकार से सजावट, गमले इत्यादि बनाकर रीयूज़ किया जा सकता है, का प्रदर्शन किया । साथ ही बीएससी चतुर्थ तथा षष्ठम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने विज्ञान आधारित पोस्टर और मॉडल का निर्माण किया।

बीएससी षष्ठम सेमेस्टर में अध्यनरत छात्र समीर सिंह रावत, बीएससी द्वितीय सेमेस्टर में अध्ययनरत छात्र हिमांशु तथा बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर में अध्ययनरत छात्रा अपेक्षा ने क्रमशः सर सीवी रमन जी के जीवन चरित्र, भारत में विज्ञान के सम्यक विकास में सर सी वी रमन का योगदान तथा 2026 की थीम पर विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला तथा भौतिक विज्ञान विभाग प्रभारी डॉ० नवीन कोहली द्वारा रमन प्रभाव के व्यहारिक उपयोगों के बारे में छात्र छात्राओं को अवगत कराया। इस अवसर पर अपने उद्बोधन में प्राचार्य डॉ० जी० के० सेमवाल ने विज्ञान संकाय को कार्यक्रम के लिए साधुवाद देते हुए कहा कि छात्र छात्राओं में विज्ञान चेतना का विकास ही देश और समाज को ऊँचाई तक ले जाएगा। वनस्पति विज्ञान विभाग प्रभारी डॉ० उपेंद्र सिंह राणा, कंप्यूटर विज्ञान विभाग प्रभारी डॉ० मुकेश चंद, रसायन विज्ञान विभाग प्रभारी डॉ. राहुल तिवारी, गणित विभाग प्रभारी डॉ० मोनिका सती तथा जंतु विज्ञान विभाग प्रभारी प्रो० सत्यनारायण राव आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *