ज्योतिर्मठ, 10 मार्च 2026 : स्थानीय गुरुद्वारा साहिब ज्योतिर्मठ में राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जोशीमठ के राष्ट्रीय सेवा योजना के शिविरार्थियों का सात दिवसीय विशेष शिविर रंगारंग कार्यक्रमों के साथ प्रारंभ हो गया है। दीप प्रज्वलन और अतिथि स्वागत के उपरांत बतौर मुख्य अतिथि शिविरार्थियों को संबोधित करते हुए नंदा देवी राष्ट्रीय पार्क ज्योतिर्मठ में पोस्टेड रेंज फारेस्ट ऑफिसर चेतना कांडपाल ने कहा कि युवाओं को जीवन में एक निश्चित लक्ष्य रखना चाहिए और परिश्रम, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प से उसे पूरा करना चाहिए।
उन्होंने युवा शिविरार्थियों से शिविर के दौरान व्यक्तिगत विकास , सह जीवन और सामाजिक सहभागिता के उपयोगी सबक सीखने की अपील की । इस अवसर पर कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में बोलते हुए महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर प्रीति कुमारी ने कहा कि अनुशासन, देशभक्ति और आदर्श चरित्र का विकास करके ही युवा व्यक्तिगत और राष्ट्रीय जीवन में अपना सर्वोच्च प्राप्त कर सकते हैं। प्राचार्य ने शिविरार्थियों का आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान, कौशल और उच्च शिक्षा के दम पर अर्जित आत्मविश्वास के बूते समाज की बेहतरी के लिए कार्य करें।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. धीरेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया और शिविरार्थियों के साथ शिविर के दौरान किये जाने वाले विभिन्न कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत की। एन. एस. एस. की ओर से छात्र संघ अध्यक्ष दिव्यांशु, सचिव सृष्टि, कोषाध्यक्ष स्नेहा और सहसचिव मनीषा का भी स्वागत और सम्मान किया गया। कार्यक्रम में गुरुद्वारा प्रबंधक सरदार मोनू सिंह, डॉ. जी. के. सेमवाल, डॉ. नवीन पंत, मीनाक्षी, जगदीश लाल, शिव सिंह और नंदी देवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. चरणसिंह केदारखंडी ने किया।

