12 फरवरी 2026। औली, जनपद चमोली (उत्तराखंड)
हिमालय की गोद में बसे विश्व प्रसिद्ध स्कीइंग स्थल औली में आज नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप एवं विंटर कार्निवल 2026 की तैयारियों का व्यापक निरीक्षण किया गया। विंटर गेम्स एसोसिएट्स ऑफ उत्तराखंड के अजय भट्ट , सचिव राकेश रंजन भिलंगवाल, आईटीबीपी औली से एएसएस कमांडेंट नानक चंद , जीएमवीएन के प्रदीप मंद्रवाल , कमल किशोर डिमरी , प्रदीप शाह ,क्षेत्रीय प्रबंधक वीरेंद्र गुसाईं , विकेश डिमरी समेत सभी गणमान्य व्यक्तियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सभी अधिकारियों ने स्कीइंग स्लोप का निरीक्षण कर सुरक्षा, तकनीकी मानकों एवं खिलाड़ियों की सुविधाओं की समीक्षा की तथा आगामी खेलों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प दोहराया।
रेस ऑफिस से श्री विजयंत रावत, विजय सती, विक्रम फरस्वाण, राजीव मेहता (गुड्डू), विमलेश पंवार एवं विश्वजीत शाह ने जानकारी दी कि दोपहर तक हिमाचल, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, हरियाणा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, उड़ीसा, गुजरात, आर्मी, आईटीबीपी, सीआरपीएफ सहित कुल 17 टीमों ने पंजीकरण करा लिया है। प्रतियोगिताओं में स्की माउंटेनियरिंग, स्नो बोर्डिंग एवं स्कीइंग के साथ-साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान को दर्शाती पांडवास टीम की विशेष प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र होगी।
यह गौरव का विषय है कि नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप एवं विंटर कार्निवल 2026 का उद्घाटन प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के द्वारा किया जाएगा।
औली की बर्फीली वादियों से उठता यह उत्साह केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि “खेलो इंडिया, बढ़ता उत्तराखंड” के संकल्प का प्रतीक है। यह आयोजन प्रदेश के युवाओं, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा देगा तथा उत्तराखंड को शीतकालीन खेलों की राष्ट्रीय राजधानी के रूप में स्थापित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम सिद्ध होगा।

