ज्योतिर्मठ: बुधवार को पावन पर्व श्री गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर प्राचीन गद्दी स्थल ज्योतिर्मठ में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानन्द सरस्वती जी महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित गुरु पूजन, पादुकार्चन, गुरु वंदना एवं आरती का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर ज्योतिष पीठ के पीठ पुरोहित ऋषि प्रसाद सती द्वारा विधि विधान एवं वेदोक्त मंत्रोच्चार के साथ पूजा पाठ संपन्न किया गया।
वहीं ज्योतिष पीठ के पीठ पुरोहित एवं वर्तमान समय में श्री बद्री केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने कहा कि, पीठ पुरोहित के रूप में गुरु परंपरा की सेवा एवं इस पावन आयोजन में सहभागी बनना मेरे लिए अत्यंत गौरव, श्रद्धा और सौभाग्य का विषय है। गुरु ही ज्ञान, संस्कार और धर्म के प्रकाश स्तंभ हैं, जिनके मार्गदर्शन से जीवन को सही दिशा और उद्देश्य प्राप्त होता है। पूज्य गुरुदेव के श्रीचरणों में कोटिशः प्रणाम करते हुए समस्त श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं आध्यात्मिक उन्नति की मंगलकामना करता हूँ। भगवान बदरीविशाल एवं भगवान शिव की कृपा हम सभी पर सदैव बनी रहे।

