ज्योतिर्मठ / बद्रीनाथ धाम उत्तराखंड। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने टैक्सी-स्टैण्ड स्थित श्रीशंकराचार्य मठ में पहुँच कर शंकराचार्य स्वामिश्रीः अविमुक्तेश्वरानंदः सरस्वती जी महाराज के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया ।
इस भेंट के दौरान मंदिर समिति के अध्यक्ष ने वर्ष भर सुचारू रूप से संपन्न हुई चारधाम यात्रा की विस्तृत जानकारी पूज्य शंकराचार्य जी महाराज के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि आचार्यों एवं संतों की कृपा से ही इस वर्ष की पूरी यात्रा व्यवस्थित ढंग से संचालित हो सकी है । 
यात्रा के सुचारु संचालन पर महाराज श्री ने व्यक्त की प्रसन्नता
पूज्य शंकराचार्य जी महाराज ने यात्रा को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। साथ ही तिथि के अनुसार आज मंदिर समिति के अध्यक्ष महोदय का जन्मदिन होने के उपलक्ष्य में महाराज जी ने उन्हें अपना शुभाशीष प्रदान किया । इसके साथ ही, महाराज श्री ने उत्तराखंड सरकार को भी सफल यात्रा संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि चारधाम यात्रा सकुशल संपन्नता की ओर अग्रसर हो।
भविष्य के लिए दिए समीक्षा के निर्देश
यात्रा काल के दौरान बीच में घटित हुई दो-तीन घटनाओं का उल्लेख करते हुए महाराज श्री ने मंदिर समिति को इस पर गंभीर चिंतन और समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए अभी से ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर केंद्रीय धार्मिक डिमरी पंचायत के अध्यक्ष आशुतोष डिमरी, मंदिर के प्रोटोकॉल अधिकारी , सेमवाल सहित कई अन्य वरिष्ठ एवं गणमान्य जन उपस्थित रहे ।

