देहरादून 3 नवंबर ,राजकीय महाविद्यालय देहरादून शहर के युवा और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के द्वारा दिनांक 31 अक्टूबर और 01 नवंबर 2026 की तिथियों पर वंदना कटारिया स्टेडियम रोशनाबाद हरिद्वार में एच. ई. सी. ग्रुप ऑफ कॉलेजेज द्वारा आयोजित श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय की अंतर्महाविद्यालयी एथेलेटिक्स प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई स्वर्ण और रजत पदक जीते।
विश्वविद्यालय से सम्बद्ध अड़तालीस महाविद्यालयों ने इस आयोजन में भाग लिया और कई बड़े और नामी गिरामी महाविद्यालयों को पछाड़कर राजकीय महाविद्यालय देहरादून शहर ओवरऑल चैंपियनशिप में विश्वविद्यालय स्तर पर द्वितीय स्थान पर रहा। आज महाविद्यालय प्रांगण में आयोजित सम्मान समारोह में कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर संजय कुमार ने महाविद्यालय परिसर में सभी विजयी प्रतिभागियों और क्रीड़ा विभाग के प्रभारी डॉ. मनोज सिंह बिष्ट, टीम कोच डॉ. पायल अरोड़ा सहित सभी उदीयमान एथलीटों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और मार्गदर्शन के लिए बधाई दी।

महाविद्यालय के क्रीड़ा प्रभारी और स्वयं उत्कृष्ट खिलाड़ी रहे डॉ. मनोज बिष्ट के कुशल नेतृत्व और टीम कोच डॉ. पायल अरोड़ा के मार्गदर्शन में प्रिया बिष्ट ने गोला फेंक और चक्का फेंक दोनों में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसी तरह सानिया कश्यप ने ऊँची कूद में स्वर्ण पदक एवं बाधा दौड़ (हर्डल रेस ) में रजत पदक प्राप्त किया। प्रतिभाशाली एथलीट स्नेहा गुरुंग ने भाला फेंक में स्वर्ण पदक जीतकर कॉलेज का नाम रोशन किया। सलोनी ने जहाँ ट्रिपल जम्प और चक्का फेंक प्रतियोगिताओं में रजत पदक झटके वहीं स्वाति ,सानिया कश्यप, प्रिया बिष्ट और सलोनी ने रिले रेस में कांस्य पदक हासिल किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी शिक्षक और कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे।

