ज्योतिर्मठ :युवा खेल विकास समिति द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस के भव्य आयोजन पर एनटीपीसी ने किया विशेष सहयोग


30 अगस्त 2026, ज्योतिर्मठ। युवा खेल विकास समिति ज्योतिर्मठ द्वारा प्रतिवर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर नगर में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष भी समिति के तत्वावधान में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं की श्रृंखला आयोजित की गई।

आयोजित प्रतियोगिताओं में फुटबॉल, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, दौड़ और रस्साकशी सहित विभिन्न खेलों को शामिल किया गया। इसके साथ ही बच्चों और युवाओं के लिए पेंटिंग एवं क्विज प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। खेल प्रतियोगिताओं के साथ ज्योतिर्मठ नगर के विभिन्न वार्डों की महिलाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर आयोजन में चार चांद लगाए ।कार्यक्रम के सफल आयोजन में एनटीपीसी तपोवन-विष्णुगाड जलविद्युत परियोजना का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

युवा खेल विकास समिति के अध्यक्ष एवं मनोहर बाग वार्ड के सभासद  सौरभ राणा ने एनटीपीसी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एनटीपीसी द्वारा प्रतिवर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस के आयोजन में सहयोग प्रदान किया जाता है।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी एनटीपीसी ने खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन में सहयोग देने के साथ-साथ अपनी टाउनशिप में खिलाड़ियों के लिए फुटबॉल मैदान और बैडमिंटन हॉल जैसी खेल सुविधाएं उपलब्ध कराईं। इन सुविधाओं से स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास और अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिल रहा है।

  वही सौरभ राणा ने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस का उद्देश्य युवाओं और बच्चों को खेलों के प्रति प्रेरित करना तथा स्थानीय स्तर पर छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच प्रदान करना है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, महिलाओं, समिति के सदस्यों एवं एनटीपीसी का आभार व्यक्त किया।

युवा खेल विकास समिति ने कहा कि भविष्य में भी ज्योतिर्मठ नगर में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए इस प्रकार के आयोजन निरंतर किए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *