समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए नई दिल्ली में हुआ सम्मान,
चमोली। समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहकर जनहित के कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले चमोली जनपद के वरिष्ठ समाजसेवी एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयर मैन ओमप्रकाश डोभाल को ‘विद्या वाचस्पति’ मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय हिंदी विद्यापीठ द्वारा नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष सम्मान समारोह में उन्हें यह प्रतिष्ठित उपाधि प्रदान की गई।
समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे समाजसेवियों, शिक्षाविदों और शोधकर्ताओं को समाज, शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इसी क्रम में ओमप्रकाश डोभाल को समाजसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता, सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता तथा जनहित के कार्यों में निरंतर योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों के हितों के प्रति उनकी संवेदनशीलता, सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता और जनकल्याण की भावना उनकी विशिष्ट पहचान रही है। उनके प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने तथा सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माने जाते हैं।
समाजसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें पूर्व में भी विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं तथा सामाजिक मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है। ‘विद्या वाचस्पति’ मानद उपाधि से सम्मानित होना उनकी सामाजिक यात्रा की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री से सम्मानित डॉ. अरविंद कुमार पांडेय, कुलपति, केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, झांसी; डॉ. इंदु भूषण मिश्रा, कुलपति, पंडित दीनदयाल उपाध्याय हिंदी विद्यापीठ, मथुरा; तथा डॉ. रेखा चौहान, शिक्षा निदेशक, नई दिल्ली सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

