देहरादून, 29 सितंबर 2026 , राजकीय महाविद्यालय देहरादून शहर में सत्र 2026-27 का छात्र संघ चुनाव निर्विवाद और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो गया है। महाविद्यालय में छात्र संघ अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव , कोषाध्यक्ष और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि कुल पांच पदों पर निर्वाचन सम्पन हुआ जबकि सह सचिव पद पर एकमात्र वैध प्रत्याशी होने के कारण रितिका पाल को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
सभी पांच पदों पर अपने प्रतिनिधियों को चुनने के लिए विद्यार्थियों में अभूतपूर्व उत्साह दिखाई दिया। अध्यक्ष पद पर मनीषा प्रवीन ने 244 मत जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी आदित्य पांडेय को 211 मत प्राप्त हुए।
अध्यक्ष पद पर मुनीषा को 33 मतों से विजयी घोषित किया गया। छात्र संघ उपाध्यक्ष पद पर मोहित कुमार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी युवांशु कुमार को 50 मतों के अंतर से हराया। मोहित को 251 और युवांशु को 200 मत प्राप्त हुए। सचिव पद पर ख़ुशी ने 215 मत प्राप्त करके अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रियांशु रावत को 46 मतों से पटकनी दी। प्रियांशु को 169 मत जबकि सचिव पद के लिए तीसरे प्रत्याशी अमन किशोर डंगवाल को मात्र 70 मतों से संतोष करना पड़ा।
कोषाध्यक्ष पद पर ऋतु ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सानिया को 35 मतों के अंतर से पराजित किया। ऋतु को 241 और सानिया को 206 मत प्राप्त हुए। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (U.R.) पद पर अंजली ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अर्पित सिंह नेगी को 46 मतों के बड़े अंतर से हराया। अंजली को 247 और अर्पित सिंह नेगी को 201 मत प्राप्त हुए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रोफेसर कुलदीप सिंह रावत ने चुनाव परिणाम की घोषणा की। चुनाव परिणाम की घोषणा के उपरांत सभी विजयी /निर्विरोध निर्वाचित प्रत्याशियों के साथ साथ छः कार्यकारिणी सदस्यों को महाविद्यालय के संरक्षक और प्राचार्य प्रोफेसर संजय कुमार द्वारा पद की शपथ दिलाई गयी और माल्यार्पण व मिष्ठान से उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य प्रोफेसर संजय कुमार ने सभी विजयी प्रत्याशियों को बधाई देते हुए उनका आह्वान किया कि अब वे दलीय संकीर्णता और पहचान से परे उठकर और एकजुट होकर महाविद्यालय के विकास में अपना योगदान दें और विद्यार्थियों को नेतृत्व प्रदान करें।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रो. रावत ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्राचार्य के मार्गदर्शन, निर्वाचन समिति और सहकर्मियों, शिक्षणेत्तर कार्मिकों के साथ साथ पुलिस प्रशासन और मीडिया का हार्दिक आभार प्रकट किया। इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक और सामाजिक चिंतक प्रोफेसर डी. एस. मेहरा ने भी विजयी प्रत्याशियों को संबोधित किया। प्रोफेसर राजमणि राम पटेल, प्रो.नीलू कुमारी, डॉ. पंकज बहुगुणा, डॉ. मनोज बिष्ट, डॉ. राकेश पाण्डेय और डॉ. हेमलता खाती, प्रशासनिक अधिकारी सुरेंद्र पुरोहित सहित सभी प्राध्यापक और कर्मचारी उपस्थित रहे।

