अग्निशमन जवानों को रेड क्रॉस ने दिया प्राथमिक उपचार एवं आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण

गोपेश्वर। भारतीय रेड क्रॉस शाखा चमोली की ओर से सोमवार को जिला मुख्यालय गोपेश्वर में अग्निशमन विभाग के जवानों के लिए एक दिवसीय प्राथमिक उपचार एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान आपदा और दुर्घटना की स्थिति में घायलों को गोल्डन ऑवर में प्राथमिक उपचार देने तथा उनकी जान बचाने के लिए अपनाई जाने वाली महत्वपूर्ण तकनीकों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में रेड क्रॉस शाखा के सचिव सुरेंद्र रावत ने भारतीय रेड क्रॉस की भूमिका और जनपद चमोली में शाखा की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेड क्रॉस की ओर से आपदा प्रभावित और जरूरतमंद लोगों की सहायता के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में प्राथमिक उपचार एवं आपदा प्रबंधन को लेकर जागरूकता और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

शाखा के चेयरमैन ओम प्रकाश डोभाल ने आपदा की घटनाओं और आपदा के दौरान भारतीय रेड क्रॉस की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने जनपद में पूर्व में आई आपदाओं के दौरान रेड क्रॉस द्वारा किए गए राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी देते हुए आपदा न्यूनीकरण के उपायों के बारे में भी बताया।

जिला अस्पताल से प्रशिक्षण देने पहुंचे डॉ. विनीत थपलियाल ने प्राथमिक उपचार के तहत सीपीआर की तकनीकी जानकारी दी। उन्होंने बड़ी दुर्घटनाओं में घायलों की स्थिति के अनुसार ट्राईज (Triage) की विभिन्न श्रेणियों की जानकारी दी। साथ ही रक्तस्राव को नियंत्रित करने के उपाय, कुत्ते, सांप तथा जंगली जानवरों जैसे बंदर, लंगूर और भालू के काटने की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया। आग की घटनाओं में घायलों को सुरक्षित रखने और तत्काल प्राथमिक उपचार देने की जानकारी भी दी गई।

अग्निशमन अधिकारी सुशील कुमार ने अग्निशमन विभाग की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की। उन्होंने रेड क्रॉस शाखा की ओर से अग्निशमन जवानों को दिए गए प्रशिक्षण के लिए आभार जताते हुए कहा कि विभाग भविष्य में भी रेड क्रॉस के साथ प्राथमिक उपचार एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेगा।

इस अवसर पर पुलिस फायर सर्विस के जवानों सहित रेड क्रॉस कार्यालय सहायक शंकर बिष्ट मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *