सोशल मीडिया में प्रसारित वीडियो का संज्ञान, रिश्वत मांगने के आरोपों की जांच के लिए समिति गठित
एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट, रिश्वत मांगने के आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित
चमोली। सोशल मीडिया में प्रसारित एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने प्रकरण की निष्पक्ष एवं तथ्यपरक जांच के निर्देश दिए हैं। ग्राम पगना, तहसील चमोली निवासी ताजवर सिंह द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में राजस्व विभाग के रिकॉर्ड रूम से पुरानी खतौनी की नकल उपलब्ध कराने के एवज में रिश्वत मांगे जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने प्रकरण से संबंधित सीसीटीवी फुटेज की जांच किए जाने तथा दो कार्मिकों द्वारा ₹500 रिश्वत मांगे जाने के आरोपों की जांच का अनुरोध किया है।
प्रकरण का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने जांच के लिए अपर जिलाधिकारी, चमोली की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति में अपर जिलाधिकारी, चमोली को अध्यक्ष तथा कोषाधिकारी एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी, चमोली को सदस्य नामित किया गया है।
जिलाधिकारी ने समिति को निर्देश दिए हैं कि प्रकरण से संबंधित सभी तथ्यों एवं बिंदुओं की प्राथमिकता के आधार पर गहनता से जांच की जाए। साथ ही संबंधित सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण करते हुए एक सप्ताह के भीतर स्पष्ट, तथ्यपरक एवं सुस्पष्ट जांच आख्या उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासकीय कार्यालयों में आमजन को सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही अथवा भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष एवं तथ्यपरक जांच की जाएगी और जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रकरण में सामने आने वाले सभी तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
