चमोली, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर जनपद चमोली की तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों 04-बद्रीनाथ, 05-थराली (अ.जा.) एवं 06-कर्णप्रयाग की विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के उपरांत निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन शनिवार, 03 अक्टूबर 2026 को कर दिया गया है। अंतिम प्रकाशन के अनुसार जनपद की तीनों विधानसभा सीटों में कुल 2,76,007 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 1,41,891 पुरुष, 1,34,115 महिला एवं 01 अन्य मतदाता शामिल हैं।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर उत्तराखंड में 08 जून 2026 से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू किया गया था। इसके बाद 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। निर्धारित अवधि में प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के उपरांत आज अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई।
04-बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में कुल 91,555 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 47,163 पुरुष, 44,391 महिला एवं 01 अन्य मतदाता शामिल हैं।
05-थराली (अ.जा.) विधानसभा क्षेत्र में कुल 98,053 मतदाता हैं, जिनमें 51,056 पुरुष एवं 46,997 महिला मतदाता शामिल हैं।
06-कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में कुल 86,399 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 43,672 पुरुष एवं 42,727 महिला मतदाता शामिल हैं।
SIR अभियान शुरू होने से पूर्व 08 जून 2026 को जनपद में कुल 2,95,623 मतदाता पंजीकृत थे। विधानसभा क्षेत्रवार बद्रीनाथ में 98,603, थराली में 1,03,039 तथा कर्णप्रयाग में 93,981 मतदाता थे। गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संकलन के बाद 14 जुलाई 2026 को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में जनपद में 2,72,187 मतदाता शामिल थे।
आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की गईं तथा 13 अगस्त से 28 सितंबर 2026 तक इनका निस्तारण किया गया। दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम मतदाता सूची में 3,820 नए मतदाता शामिल किए गए हैं।
अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद भी ऐसे व्यक्ति, जो किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं, फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए ECI Net App के माध्यम से ऑनलाइन तथा संबंधित BLO के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके लिए विशेष बूथ स्तरीय कैंप भी आयोजित किए जाएंगे।
BLO द्वारा वर्तमान मतदाता सूची का प्री-SIR सूची से मिलान कर ऐसे मतदाताओं को चिन्हित किया जाएगा, जिनके नाम पूर्व सूची में थे, लेकिन वर्तमान सूची में नहीं हैं। चिन्हित मतदाताओं के घर-घर जाकर उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी ली जाएगी तथा पात्र पाए जाने वाले व्यक्तियों को फॉर्म-6 भरने में सहायता दी जाएगी।
इसके साथ ही पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं तथा किसी कारणवश सूची में शामिल होने से छूटे पात्र व्यक्तियों के नाम भी मतदाता सूची में शामिल कराने की कार्रवाई की जाएगी। BLO द्वारा चिन्हित सूची को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट्स के साथ साझा किया जाएगा। इसके बाद ERO स्तर से भी बूथवार सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की जाएगी, ताकि छूटे हुए पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल कराने का अवसर मिल सके।
नाइट शेल्टर, लेबर कॉलोनी, बेघर एवं समाज के हाशिए पर रहने वाले पात्र लोगों को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए भी विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे तथा BLO द्वारा घर-घर जाकर जानकारी जुटाई जाएगी।
अंतिम मतदाता सूची भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट www.voter.eci.gov.in तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड की वेबसाइट www.ceo.uk.gov.in पर ऑनलाइन देखी जा सकती है। इसके अलावा DEO/ERO कार्यालय एवं संबंधित BLO से भी मतदाता सूची की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
