ज्योतिर्मठ , विकास खंड ज्योतिर्मठ के ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख अनूप सिंह नेगी एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत विकास समिति (बीडीसी) की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित जनसमस्याओं, विकास कार्यों तथा पूर्व में आयोजित बीडीसी बैठकों में पारित प्रस्तावों एवं शिकायतों पर विस्तार से चर्चा करते हुए विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान पूर्व में आयोजित बीडीसी बैठकों में पारित 175 प्रस्तावों एवं प्राप्त शिकायतों पर की गई कार्रवाई की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की गई तथा संबंधित प्रकरणों के निस्तारण से जनप्रतिनिधियों की संतुष्टि एवं सहमति भी जानी गई। 
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि वर्तमान बीडीसी बैठक में प्राप्त सभी प्रस्तावों एवं शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रत्येक प्रस्ताव एवं शिकायत पर की गई कार्रवाई की अनुपालन आख्या अनिवार्य रूप से तैयार करने तथा संबंधित विभागों द्वारा की गई कार्रवाई के संबंध में जनप्रतिनिधियों से संतुष्टि एवं सहमति की रिपोर्ट भी प्राप्त करने के निर्देश दिए।
बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं ग्राम प्रधानों द्वारा सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों से संबंधित 300 से अधिक विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं से जुड़े प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। संबंधित विभागीय अधिकारियों ने प्रस्तुत प्रस्तावों एवं प्रकरणों पर की जा रही कार्रवाई की जानकारी सदन को दी। इस दौरान शेष प्रकरणों का प्राथमिकता एवं समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करने तथा प्रस्तावों पर हुई कार्रवाई की स्पष्ट अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख गुड्डी देवी, कनिष्ठ प्रमुख नरेश चंद्र, जिला पंचायत सदस्य रमा राणा, प्रधान संघ अध्यक्ष मोहन बजवाल, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ, खंड विकास अधिकारी मोहन जोशी सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, जनपद स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

