जोशीमठ, 30 सितंबर। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय आईटीबीपी जोशीमठ में पूरे सितंबर माह तक चले हिंदी माह का समापन समारोह मंगलवार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य अशोक कुमार पाठक ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में एनटीपीसी तपोवन की अपर महाप्रबंधक मानव संसाधन सुश्री सुगाता दास गुप्ता और विशिष्ट अतिथि के रूप में नैगम संवाद एवं राजभाषा प्रभारी राजेंद्र जायड़ा उपस्थित रहे।

माह भर चले कार्यक्रमों में विद्यार्थियों के लिए कविता वाचन, कहानी कथन, सुलेख लेखन, श्रुतलेखन, निबंध लेखन और पोस्टर निर्माण जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, वहीं शिक्षकों के लिए राजभाषा हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।

समारोह के दौरान अतिथियों द्वारा विभिन्न वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। कविता वाचन में प्रियांशु दास, इशिता और नैतिक, कहानी कथन में शिवांगी सिंह, आरव और तनिषा, श्रुतलेखन में निखिल यादव, एंजेल, स्वर्णम पांडेय व सिद्धिका, सुलेख में गर्वित, अभिनव, कनिष्का और प्राची तथा निबंध लेखन में प्राची और दीक्षा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शिक्षक वर्ग की प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में पंकज यादव और दीपा यादव संयुक्त रूप से प्रथम रहे।

कार्यक्रम का सफल मंच संचालन टीजीटी हिंदी रविंद्र ने किया, जबकि राजभाषा विभाग के संयोजक विजय कुमार माथुर ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

