ज्योतिर्मठ। विकासखंड जोशीमठ के किमाणा गांव में हुए भूधंसाव से उत्पन्न समस्या को लेकर भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष गुड्डू लालव और ग्रामीण महामंत्री प्रदीप बिष्ट ने चमोली के प्रभारी मंत्री भरत चौधरी से मुलाकात की। उन्होंने प्रभारी मंत्री को गांव में हुए भूधंसाव से ग्रामीणों को हो रही परेशानियों और नुकसान की जानकारी देते हुए तत्काल राहत एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी मंत्री भरत चौधरी ने जिलाधिकारी चमोली को किमाणा गांव में हुए भूधंसाव से हुए नुकसान का जायजा लेने तथा ग्रामीणों को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि किमाणा गांव में भूधंसाव के कारण हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावित ग्रामीणों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को मामले में प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष गुड्डू लाल और ग्रामीण महामंत्री प्रदीप बिष्ट ने प्रभारी मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जाने से प्रभावित ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

