नरेद्रनगर (टिहरी गढ़वाल)। राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद, नरेंद्रनगर, टिहरी गढ़वाल में पीपुल्स ऑर्गेनाइजेशन फॉर साइंटिफिक एजुकेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षा, स्काउट-गाइड, कला, व्यायाम सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सुबोध उनियाल रहे। उन्होंने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षकों से आने वाले समय में और अधिक समर्पण, मनोयोग एवं जिम्मेदारी के साथ शिक्षण कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने सरकारी विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अधिक से अधिक अभिभावकों को सरकारी विद्यालयों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति विश्वास दिलाकर बच्चों का प्रवेश सरकारी स्कूलों में बढ़ाया जाना आवश्यक है।
डॉ. उनियाल ने उत्तराखंड में शिक्षा के क्षेत्र में अब तक हुए विकास एवं उन्नयन पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने उत्तराखंड के गांवों से हो रहे पलायन को रोकने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी विचार व्यक्त किए। मुख्य अतिथि सुबोध उनियाल के स्वागत में विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए।
समारोह के दौरान उत्तराखंड शिक्षक संघ के पदाधिकारियों की ओर से शिक्षकों की प्रमुख समस्याओं एवं मांगों से संबंधित मांग-पत्र मुख्य अतिथि को सौंपा गया। इसमें सीटेट/यू-टेट जैसी शिक्षक पात्रता परीक्षाओं से संबंधित छूट तथा चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान में अतिरिक्त इंक्रीमेंट दिए जाने जैसी प्रमुख मांगें शामिल रहीं। डॉ. सुबोध उनियाल ने शिक्षकों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें सरकार के समक्ष रखने तथा अपने स्तर से आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया।
समारोह में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के योगदान को भी विशेष रूप से रेखांकित किया गया। स्काउट-गाइड के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन तथा राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा रहा है। स्काउट-गाइड के क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक एवं सेवा कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पदाधिकारियों एवं सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के आयोजन में पीपुल्स ऑर्गेनाइजेशन फॉर साइंटिफिक एजुकेशन ट्रस्ट के डायरेक्टर अलख नारायण दुबे, उपाध्यक्ष रामाश्रय सिंह, सचिव डॉ. मीनाक्षी मिश्रा तथा सह-सचिव वीरेंद्र दत्त कुड़ियल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि, सम्मानित शिक्षकों, स्काउट-गाइड पदाधिकारियों एवं उपस्थित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त कि
कार्यक्रम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, टिहरी गढ़वाल के विभिन्न पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इनमें जिला आयुक्त रमेश चन्द्र खत्री, जिला सचिव ब्रह्म प्रकाश सिंह, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) आदित्य नारायण सिंह, सहायक जिला सचि अनुराखी बौद्ध, जिला कोषाध्यक्ष वीरेंद्र दत्त कुड़ियाल, जिला विकास समन्वयक (स्काउट) राम कृष्ण पाथरियाल, ब्लॉक सचिव चंबा विनीता बुगुणा, ब्लॉक संगठनआयुक्त (गाइड) रश्मि पंवार, ब्लॉक सचिव कीर्तिनगर देवेंद्र सिंह बिष्ट, ब्लॉक सचिव नरेंद्रनगर जय राम कुशवाहा, जिला क्वार्टर मास्टर पुनीता झिलियाल, जिला प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट) के.एल. शाह, जिला प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड) अनीता उनियाल, जिला संगठन आयुक्त (गाइड) अंजू रानी शर्मा, जिला सहायक प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट) प्रेम सिंह राणा, ब्लॉक सचिव भिलंगन सुनील कंडारी, ब्लॉक सचिव देवप्रयाग कलम सिंह गुसाईं, ब्लॉक सचिव जाखणीधार रजनीश नौटियाल, ब्लॉक सचिव जौनपुर मदन मोहन सेमवाल, ब्लॉक सचिव प्रतापनगर अखिलेश कोहली, ब्लॉक सचिव थौलधार सुधांशु शर्मा, ब्लॉक प्रशिक्षण गाइड सुमन भंडारी, ब्लॉक प्रशिक्षण गाइड चंबा, नीलम सिंह, सहायक जिला संगठन आयुक्त (गाइड) सत्या पंवार, प्रदेश मीडिया प्रभारी विश्व प्रकाश मेहरा तथा ब्लॉक प्रशिक्षण आयुक्त भिलंगना बाल कृष्ण उपाध्याय सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
समारोह का उद्देश्य शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मान देना, शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए प्रेरित करना तथा समाज एवं राष्ट्र निर्माण में शिक्षक और स्काउट-गाइड की भूमिका को मजबूत करना रहा।
विश्व प्रकाश मेहरा, मीडिया कोऑर्डिनेटर भारत स्काउट एंड गाइड उत्तराखंड

